राइफल शूटिंग में बलरामपुर का परचम, अभीरथ ने जीते तीन पदक

न्यूज़डेस्क बलरामपुर/राजपुर-बलरामपुर जिले के लिए गर्व की खबर है। जिले के शंकरगढ़ निवासी और डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, पतरातु के छात्र अभीरथ सिंह देव ने छत्तीसगढ़ स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में अपने सटीक निशाने से प्रदेशभर में अपनी पहचान बना ली है। 50 मीटर राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में अभीरथ ने सिल्वर मेडल जीतकर प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया। इतना ही नहीं, उन्होंने बेस्ट प्लेयर ऑफ द टीम का गोल्ड अवॉर्ड और यूथ कैटेगरी का ब्रॉन्ज मेडल भी अपने नाम किया। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी और गौरव का माहौल है।
रायपुर के माना शूटिंग रेंज में 11 से 21 जुलाई तक आयोजित छत्तीसगढ़ स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में प्रदेशभर के बेहतरीन निशानेबाजों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले के बीच शंकरगढ़ निवासी और डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल, पतरातु के कक्षा 11वीं के छात्र अभीरथ सिंह देव ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 50 मीटर राइफल शूटिंग (ओपन पुरुष वर्ग) में रजत पदक जीतकर प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया।
यही नहीं, अभीरथ को प्रतियोगिता में ‘बेस्ट प्लेयर ऑफ द टीम’ का स्वर्ण पदक भी मिला, जबकि यूथ कैटेगरी में उन्होंने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का एक और प्रमाण दिया। अभीरथ ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय को दिया। विद्यालय के प्राचार्य आशुतोष झा ने इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन की शुभकामनाएं दीं। अभीरथ की यह सफलता न सिर्फ उनके परिवार और विद्यालय, बल्कि पूरे बलरामपुर जिले के लिए गर्व का विषय बन गई है।




