जिंदगी बचाने निकली एंबुलेंस हादसे का शिकार, चालक-EMT गंभीर घायल

न्यूज़डेस्क बलरामपुर-बलरामपुर में इंसानियत की सबसे अहम कड़ी मानी जाने वाली 108 एंबुलेंस भी सड़क पर तेज रफ्तार का शिकार हो गई। जहर सेवन से गंभीर मरीज को मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर लेकर जा रही एंबुलेंस को एक तेज रफ्तार ट्रक ने ऐसी टक्कर मारी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए। हादसे में चालक और ईएमटी गंभीर रूप से घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि मरीज को तत्काल दूसरी 108 एंबुलेंस से अंबिकापुर रवाना कर दिया गया, जिससे उसकी जान बचाने की कोशिश जारी रही। हादसे के बाद फरार ट्रक चालक को पुलिस ने वाहन सहित पकड़ लिया। यह पूरी घटना बलरामपुर के जिला अस्पताल चौक की है।
बलरामपुर जिला मुख्यालय के सबसे व्यस्त जिला अस्पताल चौक पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मरीज को लेकर जा रही 108 एंबुलेंस को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में एंबुलेंस चालक और ईएमटी गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकाला।
बताया जा रहा है कि एंबुलेंस जहर सेवन से गंभीर मरीज को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर लेकर जा रही थी। हादसे के बाद बिना समय गंवाए मरीज को दूसरी 108 एंबुलेंस में शिफ्ट कर अंबिकापुर रवाना किया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इधर घटना के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया, लेकिन कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ट्रक और चालक को पकड़ लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।




