पत्नी से झगड़े के बाद घर में लगाई आग, पहुंचा लाखों का नुकसान

न्यूज़डेस्क बलरामपुर-बलरामपुर में घरेलू विवाद ने खतरनाक मोड़ ले लिया। पत्नी से विवाद के बाद नगर सैनिक महिला के पति ने किराये के मकान में रखे पूरे घरेलू सामान में आग लगा दिया था । आगजनी में करीब एक लाख रुपये का सामान जलकर राख हो गया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
मामला बलरामपुर कोतवाली थाना क्षेत्र के भनौरा गांव का है। पीड़िता प्रभा एक्का ने थाने में घर में आग लगाने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि घरेलू विवाद के दौरान आरोपी पति जय जान केरकेट्टा ने पत्नी के साथ गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और किराये के मकान में रखे पलंग, गद्दा, दीवान, अलमारी, फ्रिज, कूलर और कपड़ों समेत करीब एक लाख रुपये के घरेलू सामान को माचिस से आग लगाकर जला दिया।
मामले की जांच के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर उसे 3 जुलाई को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।




