राजपुर नगर पंचायत में दो नए एल्डरमैन की ताजपोशी, विकास को मिलेगी नई दिशा

न्यूज़डेस्क बलरामपुर/राजपुर-बलरामपुर जिले की नगर पंचायत राजपुर में शनिवार को शासन द्वारा मनोनीत दो नए एल्डरमैन मनोज बंसल और पंकज गुप्ता का पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। राजपुर के एसडीएम देवेंद्र प्रधान ने दोनों नव नियुक्त एल्डरमैन को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। समारोह में क्षेत्रीय विधायक उद्धेश्वरी पैकरा, भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल,विधायक प्रतिनिधि शिवनाथ जायसवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष धरम सिंह नगर पंचायत उपाध्यक्ष एवं भाजपा जिला महामंत्री संजय सिंह, नगर पंचायत के विभिन्न वार्ड के पार्षद, जनपद पंचायत राजपुर के अध्यक्ष विनय भगत,उपाध्यक्ष आकाश अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
शपथ ग्रहण के बाद दोनों नव नियुक्त एल्डरमैन का पुष्पगुच्छ और माल्यार्पण कर स्वागत किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि एल्डरमैन नगर पंचायत के विकास कार्यों को गति देने, जनसमस्याओं के समाधान और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उनके जुड़ने से नगर पंचायत की कार्यप्रणाली और अधिक प्रभावी होगी।
भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद से ही नगर पंचायत में एल्डरमैन की नियुक्ति का इंतजार किया जा रहा था। अब शासन द्वारा नियुक्ति होने के साथ शपथ ग्रहण भी संपन्न हो गया है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए एल्डरमैन के जुड़ने से राजपुर नगर पंचायत के विकास कार्यों को नई गति मिलेगी और नगर का चहुंमुखी विकास सुनिश्चित होगा।
वहीं क्षेत्रीय विधायक उद्धेश्वरी पैकरा ने कहा कि भाजपा सरकार गांव और शहर दोनों क्षेत्रों के संतुलित विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि नगर पंचायत राजपुर को दो नए एल्डरमैन मिलने से विकास कार्यों में तेजी आएगी तथा आम जनता को योजनाओं का अधिक लाभ मिलेगा। उन्होंने नव नियुक्त एल्डरमैन को शुभकामनाएं देते हुए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की।
कार्यक्रम में भाजपा जिला महामंत्री एवं नगर पंचायत राजपुर के उपाध्यक्ष संजय सिंह ने भी सभा को संबोधित किया। उन्होंने संगठन और जनप्रतिनिधियों के समन्वय से नगर के विकास को आगे बढ़ाने की बात कही। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन भी संजय सिंह ने किया।
शपथ ग्रहण के बाद नव नियुक्त एल्डरमैन मनोज बंसल और पंकज गुप्ता ने नगर के सर्वांगीण विकास, जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का संकल्प दोहराया। समारोह के अंत में सभी अतिथियों ने दोनों एल्डरमैन को शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की।



