24 घंटे में बड़ा एक्शन: नशीले इंजेक्शन का थोक सप्लायर ‘बुटन’ गिरफ्तार

न्यूज़डेस्क सरगुजा/अंबिकापुर-संभागीय आबकारी उड़नदस्ता की “ऑपरेशन क्लीन” लगातार नशे के कारोबारियों की कमर तोड़ रही है। ब्राउन शुगर के बाद अब नशीले इंजेक्शन के अवैध कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए टीम ने आशा पांडेय की गिरफ्तारी के महज 24 घंटे के भीतर उसके कथित सप्लायर राजेश मंदिलवार उर्फ बुटन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आबकारी विभाग का दावा है कि बुटन इलाके में नशीले इंजेक्शन का थोक सप्लायर था।
संभागीय आबकारी उड़नदस्ता ने 12 जुलाई को ब्रह्मपारा निवासी आशा पांडेय के कब्जे से 19 रेक्सोजेसिक और 9 एविल इंजेक्शन जब्त कर उसे गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आशा ने खुलासा किया कि उसने यह नशीले इंजेक्शन अपने पड़ोसी राजेश मंदिलवार उर्फ बुटन से खरीदे थे।
आशा के बयान के आधार पर आबकारी टीम ने उसी शाम बुटन को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। विभाग के मुताबिक बुटन लंबे समय से नशीले इंजेक्शनों की थोक सप्लाई करता था और बेहद शातिर तरीके से अपना नेटवर्क संचालित कर रहा था।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि ब्रह्मपारा पहले ब्राउन शुगर के कारोबार के लिए बदनाम था, लेकिन अब कई तस्कर नशीले इंजेक्शनों की तस्करी में सक्रिय हो गए हैं। विभाग की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत ऐसे सभी कारोबारियों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।
आबकारी विभाग की इस लगातार कार्रवाई से नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों में हड़कंप मचा हुआ है। अब जांच इस बात पर भी केंद्रित है कि बुटन को नशीले इंजेक्शनों की सप्लाई कहां से होती थी और उसके नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं।




