“घर के भीतर घुसी मौत: जहरीले सांप के डंसने से युवती की दर्दनाक मौत”

न्यूज़डेस्क बलरामपुर/राजपुर-बलरामपुर जिले में बारिश और बदलते मौसम के बीच जहरीले सांपों का आतंक एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। राजपुर थाना क्षेत्र के ग्राम धंधापुर के डुमरपारा में 24 वर्षीय देवमती मरावी की जहरीले सांप के डंसने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रात करीब 2 बजे से सुबह 10 बजे के बीच किसी समय सांप ने सोते हुए देवमती को डंस लिया, लेकिन इसकी भनक किसी को नहीं लगी। सुबह अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजन कुछ समझ पाते, उससे पहले ही उसकी मौत हो गई।

मौत के बाद जब कमरे की तलाशी ली गई तो वहीं जहरीला सांप दिखाई दिया। परिजनों ने हिम्मत दिखाते हुए सांप को पकड़ भी लिया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और मातम का माहौल है।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि बारिश के मौसम में सांपों के घरों में घुसने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ऐसे में यदि किसी व्यक्ति को सांप काटने का संदेह भी हो तो बिना समय गंवाए तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचना चाहिए। समय पर इलाज कई बार जान बचा सकता है, लेकिन इस मामले में सांप के डंसने का पता ही नहीं चल सका और एक परिवार की खुशियां हमेशा के लिए उजड़ गईं।




