बलरामपुर में खनिज माफियाओं पर बड़ी कार्रवाई, 3 हाइवा जब्त… प्रशासन का शिकंजा कसा

न्यूज़डेस्क बलरामपुर-बलरामपुर जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में खनिज विभाग की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अलग-अलग क्षेत्रों से अवैध गिट्टी परिवहन में लगे तीन हाइवा वाहनों को जब्त किया है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि अवैध खनिज कारोबार में शामिल लोगों पर आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
खनिज विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक खनिज अधिकारी के नेतृत्व में खनिज अमले ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में जांच अभियान चलाया। इस दौरान राजपुर, बरियों और पस्ता क्षेत्र में अवैध रूप से गिट्टी का परिवहन करते हुए कुल तीन हाइवा वाहनों को पकड़ा गया। कार्रवाई के बाद सभी वाहनों को बरियों और पस्ता थाना की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है।
प्रशासन का कहना है कि जब्त वाहनों के मालिकों के खिलाफ खनिज नियमों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि इस तरह की गतिविधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।




