ऑपरेशन क्लीन का बड़ा प्रहार: 80 नशीले इंजेक्शन के साथ दो सप्लायर गिरफ्तार, जेल भेजे गए

न्यूज़डेस्क अंबिकापुर/सरगुजा-सरगुजा संभाग में नशे के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग का “ऑपरेशन क्लीन” लगातार असर दिखा रहा है। महज पांच दिनों में चार नशे के सौदागर जेल पहुंच चुके हैं। ताजा कार्रवाई में संभागीय आबकारी उड़नदस्ता ने दो आरोपियों को 80 नशीले इंजेक्शन के साथ गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेज दिया है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के अनुसार, गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि अंबिकापुर के गर्दनपाठ स्थित पहाड़ी के पास दो युवक टीवीएस राइडर बाइक से नशीले इंजेक्शन की बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही टीम ने मौके पर दबिश दी। आबकारी वाहन को देखकर दोनों आरोपी भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान लुंड्रा थाना क्षेत्र के झेराडीह निवासी रवि घासी और गढ़वीरा निवासी किशुन राम उर्फ बबलू ठाकुर के रूप में बताई। तलाशी के दौरान एक नीले रंग के झोले से 40 रेक्सोजेसिक और 40 एविल इंजेक्शन सहित कुल 80 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए। दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) के तहत गिरफ्तार कर विशेष न्यायाधीश नारकोटिक्स अंबिकापुर की अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
आबकारी विभाग का दावा है कि गिरफ्तार दोनों आरोपी लंबे समय से लुंड्रा क्षेत्र में नशीले इंजेक्शनों की सप्लाई कर रहे थे और इनके खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं। “ऑपरेशन क्लीन” के तहत की गई इस कार्रवाई को नशे के नेटवर्क पर बड़ी चोट माना जा रहा है। कार्रवाई में आबकारी विभाग के अधिकारियों और स्टाफ की अहम भूमिका रही।




