बलरामपुर के 10 युवाओं ने रचा इतिहास, लक्ष्य शिक्षण संस्थान के छात्र अग्निवीर भर्ती परीक्षा में हुए सफल
शिक्षक सुदर्शन की मेहनत ने रचा इतिहास

न्यूज़डेस्क बलरामपुर/शंकरगढ़-बलरामपुर जिले के लिए गर्व की खबर सामने आई है। भारतीय सेना में अग्निवीर भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित होते ही जिले में खुशी की लहर दौड़ गई। जिले के प्रतिष्ठित लक्ष्य शिक्षण संस्थान के सभी 10 छात्रों ने परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर इतिहास रच दिया है। खास बात यह है कि इन सभी छात्रों को संस्थान द्वारा पूरी तरह निशुल्क प्रशिक्षण दिया गया था।
रिजल्ट जारी होते ही संस्थान परिसर में जश्न का माहौल बन गया और सफल छात्रों के परिवारों में खुशी की लहर दौड़ गई।
इस ऐतिहासिक सफलता की जानकारी मिलते ही जिला रोजगार अधिकारी दिवाकर टांडियाल लक्ष्य शिक्षण संस्थान पहुंचे। उन्होंने सफल छात्रों से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया और संस्थान संचालक सुदर्शन यादव का माल्यार्पण कर सम्मान किया।
इस दौरान जिला रोजगार अधिकारी दिवाकर टांडियाल ने कहा कि यह पूरे बलरामपुर जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि वनांचल क्षेत्र में चल रहा यह निशुल्क अग्निवीर प्रशिक्षण आज शानदार परिणाम दे रहा है और शासन की ओर से इन युवाओं को आगे भी हरसंभव सहयोग दिया जाएगा।
संस्थान संचालक सुदर्शन यादव ने सफलता का श्रेय छात्रों की कड़ी मेहनत और अनुशासन को दिया। उन्होंने बताया कि बच्चों को सुबह 5 बजे से रात 10 बजे तक फिजिकल और लिखित परीक्षा की कड़ी तैयारी कराई जाती थी, जिसका परिणाम आज सबके सामने है।
संस्थान से चयनित छात्रों में पिंकू पैकरा, देवनंदन पन्ना, विवेक पैकरा, छटूराम, रंजीत करकेटा, नरेंद्र यादव, मिथिलेश पैकरा, विकास खलखो, खेलसाय पैकरा और हिमांशु तिर्की शामिल हैं।
गौरतलब है कि संस्थान द्वारा इन सभी छात्रों को निशुल्क कोचिंग के साथ रहने और भोजन की भी पूरी व्यवस्था दी गई थी, ताकि आर्थिक स्थिति उनके सपनों में बाधा न बने।
इस सफलता पर पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है और सभी चयनित अग्निवीरों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी जा रही हैं।




