राजपुर पुलिस का बड़ा खुलासा: दो चोरी कांड सुलझे, 4 शातिर चोर सलाखों के पीछे

न्यूज़डेस्क बलरामपुर/राजपुर –बलरामपुर जिले के राजपुर थाना पुलिस को संपत्ति संबंधी अपराधों में बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अलग-अलग चोरी के दो मामलों का खुलासा करते हुए कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी का घरेलू सामान और सौर ऊर्जा पम्प का स्टार्टर बरामद किया गया है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पहला मामला थाना राजपुर के ग्राम नवापारा का है, जहां रेखा देवी ने घर का ताला तोड़कर चावल, तेल, कपड़े, बर्तन समेत घरेलू सामान चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल टीम गठित कर जांच शुरू की और संदेह के आधार पर रंजीत पाण्डेय उर्फ पाटिल और मंजित रामप्यारे राम को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने चोरी करना स्वीकार किया, जिसके बाद उनके कब्जे से करीब पांच हजार रुपये मूल्य का चोरी गया सामान बरामद किया गया।
वहीं दूसरा मामला ग्राम बदोली का है, जहां डेरीहा गोंड के खेत में लगे सौर ऊर्जा पम्प का स्टार्टर चोरी हो गया था। पुलिस ने अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की और मुखबिर की सूचना पर सुखदेव उर्फ बच्चू और सुखनंदन को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। आरोपियों की निशानदेही पर करीब तीस हजार रुपये कीमत का स्टार्टर बरामद किया गया।
- राजपुर पुलिस ने चारों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि थाना क्षेत्र में संपत्ति संबंधी अपराधों पर लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।कार्यवाही में सहायक उप निरीक्षक राजेश पांडेय, आरo रूपेश गुप्ता, सैनिक शैलेंद्र गुप्ता सक्रिय रहे।



