एनएच-343 निर्माण में धूल से राहत, परसागुड़ी समेत आसपास के क्षेत्रों में कराया गया पानी का छिड़काव

न्यूज़डेस्क बलरामपुर/राजपुर-बलरामपुर जिले से होकर गुजरने वाले नेशनल हाईवे 343 के निर्माण कार्य के दौरान उड़ रही धूल से परेशान लोगों को अब बड़ी राहत मिलती नजर आ रही है। लंबे समय से सड़क निर्माण के बीच भारी वाहनों की आवाजाही और निर्माण कार्य के कारण परसागुड़ी सहित आसपास के कई क्षेत्रों में धूल का गुबार लगातार उड़ रहा था, जिससे स्थानीय ग्रामीणों, राहगीरों और व्यापारियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। धूल के कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत के साथ-साथ दुकानों और घरों में भी गंदगी फैल रही थी, जिसको लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं।
स्थानीय लोगों की शिकायतों और बढ़ते दबाव के बाद अब निर्माण एजेंसी ने इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए पानी के नियमित छिड़काव की व्यवस्था शुरू कर दी है। आज परसागुड़ी और आसपास के क्षेत्रों में टैंकरों के माध्यम से सड़क पर पानी पटाया गया, जिससे उड़ती धूल पर काफी हद तक नियंत्रण पाया गया और लोगों को राहत महसूस हुई।
- स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इसी तरह नियमित रूप से पानी का छिड़काव होता रहा तो धूल की समस्या से काफी हद तक निजात मिल सकती है। लोगों ने मांग की है कि जब तक निर्माण कार्य पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता, तब तक निर्माण एजेंसी लगातार पानी पटाने की व्यवस्था बनाए रखे ताकि आमजन को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। वहीं निर्माण एजेंसी का कहना है कि लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आगे भी नियमित रूप से छिड़काव कराया जाएगा।





