कुसमी में भूमि विवाद पर बवाल, युवक ने पुलिस पर लगाए गंभीर आरोप

न्यूज़डेस्क बलरामपुर/कुसमी-नगर पंचायत कुसमी निवासी अमजद उर्फ जाकिर हुसैन ने जिला कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक बलरामपुर, एसडीएम कुसमी एवं थाना प्रभारी कुसमी को लिखित शिकायत सौंपकर न्यायालय में लंबित भूमि विवाद में पुलिस द्वारा अवैध हस्तक्षेप एवं जबरन कब्जा दिलाने का गंभीर आरोप लगाया है।
आवेदन में अमजद ने बताया कि विपक्षी जरिफ अंसारी द्वारा उनकी पैतृक भूमि एवं घर के पीछे स्थित बाड़ी भूमि पर अवैध कब्जा करने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। उनका कहना है कि पूर्व में केवल 01 डिसमिल भूमि उपयोग हेतु दी गई थी, लेकिन अब अतिरिक्त भूमि पर कब्जे को लेकर विवाद उत्पन्न किया जा रहा है। यह मामला वर्तमान में सक्षम न्यायालय में लंबित है।
शिकायत में उल्लेख किया गया है कि लगभग दो माह पूर्व भी विपक्षी पक्ष द्वारा जबरन कब्जा करने का प्रयास किया गया था तथा मारपीट और अभद्र व्यवहार किया गया था, जिसकी सूचना थाना कुसमी में दी गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
आवेदक के अनुसार 21 मई 2026 को सुबह लगभग 9 बजे विपक्षी पक्ष 20-25 लोगों के साथ उनके घर पहुंचा और गाली-गलौज करते हुए भय का माहौल बनाया। उन्होंने आरोप लगाया कि मौके पर पहुंचे थाना कुसमी के एएसआई रमेश तिवारी, सिपाही चंदेल सहित अन्य पुलिसकर्मियों ने बिना किसी न्यायालयीन आदेश के उनकी बात सुने बिना विपक्षी पक्ष को भूमि पर कब्जा दिलाने का प्रयास किया।
अमजद ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच, संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई, विपक्षी पक्ष पर एफआईआर दर्ज करने, भूमि पर यथास्थिति बनाए रखने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
आवेदक ने यह भी कहा है कि यदि 7 दिवस के भीतर संवैधानिक एवं वैधानिक कार्रवाई नहीं की गई तो वह जिला कार्यालय में आत्मदाह करने को मजबूर होंगे।
अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर मामले में क्या कदम उठाता है।




