नवपदस्थ कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी का सख्त संदेश: जनहित सर्वोच्च, लापरवाही बर्दाश्त नहीं
कलेक्टर की पहली मीटिंग मे हुई विषेस चर्चा

न्यूज़डेस्क बलरामपुर-बलरामपुर जिले की नवपदस्थ कलेक्टर श्रीमती चंदन संजय त्रिपाठी ने पदभार ग्रहण करने के बाद शुक्रवार को संयुक्त जिला कार्यालय भवन में अधिकारियों की पहली समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने शासन की प्राथमिकताओं, विकास योजनाओं और प्रशासनिक व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता है और कार्यों में संवेदनशीलता व जवाबदेही अनिवार्य होगी।
कलेक्टर श्रीमती त्रिपाठी ने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ जिले के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, राजस्व और ग्रामीण विकास सहित सभी विभागों में बेहतर समन्वय और टीम भावना के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सुशासन तिहार के तहत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों में प्राप्त आवेदनों के निराकरण की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का समयबद्ध और गंभीरता से निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को शीघ्र राहत मिल सके। उन्होंने साफ कहा कि नागरिकों से जुड़े मामलों में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में कलेक्टर ने अधिकारियों और कर्मचारियों को समय पर कार्यालय पहुंचने, अनुशासन बनाए रखने तथा कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही बिना अनुमति मुख्यालय न छोड़ने और किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने की सख्त हिदायत दी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर, जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, आर.एन. पाण्डेय, अभिषेक गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।




