धूल के गुबार में घुट रही ज़िंदगी, NH-343 पर लोगों का निकलना हुआ दूभर
न्यूज़डेस्क बलरामपुर/राजपुर-बलरामपुर जिले के राजपुर से होकर गुजरने वाली नेशनल हाईवे 343 इन दिनों लोगों के लिए परेशानी का बड़ा कारण बन गई है। सड़क निर्माण के दौरान उड़ रही धूल ने आम जनजीवन को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। हालात इतने खराब हैं कि दिन में भी वाहन चालकों को अपनी गाड़ियों की हेडलाइट जलाकर चलना पड़ रहा है, ताकि सामने से आने वाले वाहन दिखाई दे सकें।

तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि सड़क पर धूल का घना गुबार छाया हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पानी छिड़काव का वादा तो किया गया था और एक-दो बार पानी पटाया भी गया, लेकिन वह व्यवस्था नाकाफी साबित हो रही है। धूल के कारण राहगीरों, दुकानदारों और आसपास रहने वाले लोगों को सांस लेने तक में दिक्कत हो रही है।

सबसे चिंताजनक बात यह है कि लगातार शिकायतों और लोगों की परेशानी के बावजूद प्रशासनिक अधिकारी और निर्माण एजेंसी इस समस्या को गंभीरता से लेते नजर नहीं आ रहे हैं। सड़क पर हर समय दुर्घटना का खतरा बना हुआ है, लेकिन जिम्मेदारों की चुप्पी लोगों के गुस्से को और बढ़ा रही है।




