
न्यूज़डेस्क बलरामपुर/राजपुर-बलरामपुर जिले के राजपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई, पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी और ईंधन संकट को लेकर केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी राजपुर ने इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के सामने आम जनता से संवाद कर सरकार की नीतियों का विरोध जताया।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नीरज तिवारी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन में सामरी के पूर्व विधायक डॉ. प्रीतम राम ने केंद्र सरकार की नीतियों को महंगाई और ईंधन संकट के लिए जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि देशभर में पेट्रोल-डीजल की कमी से आम जनता परेशान है और कई पेट्रोल पंपों पर लोगों को घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है।
जिला उपाध्यक्ष सुनील सिंह ने कहा कि पेट्रोल-डीजल समेत खाद्य सामग्री और रोजमर्रा की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में विफल रही है और आम जनता को संयमित जीवन जीने की सलाह देकर खुद फिजूलखर्ची कर रही है।
ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष नीरज तिवारी ने कहा कि महंगाई से किसान, मजदूर, व्यापारी और मध्यम वर्ग आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। पेट्रोल-डीजल और घरेलू गैस सिलेंडर के दाम बढ़ने से परिवारों का बजट बिगड़ गया है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार आम जनता की समस्याओं की अनदेखी कर बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने में लगी है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर नारेबाजी की और पेट्रोल, डीजल व गैस की कीमतों में तत्काल कमी की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द महंगाई पर नियंत्रण नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
इस दौरान जिला महामंत्री जीतेन्द्र गुप्ता, ब्लॉक उपाध्यक्ष लाल साय मिंज, राजेन्द्र श्रीवास्तव, विद्यानंद दुबे, श्रीमती लक्ष्मी सोनी, रामनरायण जायसवाल, मंडल अध्यक्ष पी एन विश्वास, रामकिशुन एक्का, भुनेश्वर सिंह, प्रदेश महामंत्री बृजेश मिश्रा, मुमताज अंसारी, सुनील सिंह, राहुल भारती, रूपेश यादव, सुरेश यादव, ललन यादव, रवि सोनी, संतोष सोनी, चनठू राम, लोकेश शांडिल्य, सत्यनारायण जायसवाल, विमल कुजूर, पंकज यादव, लुकेश यादव, आलोक सिंह, कौशल चौबे, तेजप्रताप सिंह, देवबली सिंह, विकास यादव, विभु जायसवाल, पंकज ठाकुर, आकाश तिग्गा सहित पदाधिकारी कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




