रफ्तार का कहर: स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार युवक-युवती सड़क पर उछले
निर्माणाधीन हाईवे बना हादसों का हॉटस्पॉट,

न्यूज़डेस्क बलरामपुर/राजपुर-बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। निर्माणाधीन नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक और युवती गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक 22 वर्षीय प्रिंस, निवासी जीगड़ी, अपनी साथी अल्बिना के साथ सेवारी से जिगड़ी जा रहा था। इसी दौरान झींगों से अंबिकापुर की ओर तेज रफ्तार से जा रही स्कॉर्पियो क्रमांक CG12U9016 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि प्रिंस और अल्बिना कई फीट दूर जाकर सड़क पर गिर पड़े। हादसे में प्रिंस को गंभीर चोटें आई हैं, जबकि अल्बिना भी घायल हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर पहुंचाया, जहां प्रिंस का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसा निर्माणाधीन नेशनल हाईवे पर तहसील कार्यालय के पास हुआ। सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। तेज रफ्तार और लापरवाही से हुई इस घटना ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और निर्माणाधीन हाईवे पर यातायात व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



