बलरामपुर में अवैध रेत खनन का भंडाफोड़, करोड़ों के कारोबार पर प्रशासन सख्त

न्यूज़डेस्क बलरामपुर-बलरामपुर कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में जिले में अवैध उत्खनन और परिवहन के खिलाफ खनिज विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में खनिज अमले ने रामचंद्रपुर विकासखंड के ग्राम धौली लिबरा में संचालित रेत खदान का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कन्हर नदी किनारे अवैध रेत उत्खनन में संलिप्त एक चैन माउंटेड मशीन को जब्त किया गया।
खनिज अधिकारी राहुल गुलाटी ने बताया कि ग्राम पचावल स्थित पांगन नदी में वर्तमान में तीन रेत खदानें स्वीकृत और संचालित हैं, लेकिन शिकायत मिलने पर निरीक्षण किया गया जहां नियमों के विपरीत मशीनों से उत्खनन करते पाए जाने पर पोकलेन मशीन जब्त की गई।
उन्होंने बताया कि इससे पहले भी पांगन नदी में अवैध खनन कर रास्ता बनाने और वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं करने पर एक जेसीबी जब्त कर एक लाख रुपये की शास्ति राशि वसूली गई थी। वहीं अवैध रेत भंडारण के मामले में एक जेसीबी और हाइवा वाहन जब्त कर 42 हजार 850 रुपये की वसूली की गई।
खनिज विभाग ने मई 2026 में राजपुर, बरियों और शंकरगढ़ क्षेत्र की महान एवं गलफूला नदी में अवैध रेत परिवहन करते 19 वाहनों को भी जब्त किया है, जिन्हें थाना और पुलिस चौकियों में सुरक्षार्थ रखा गया है।
विभाग के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण के 152 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनमें से 142 मामलों का निराकरण करते हुए 35 लाख 2 हजार 524 रुपये की वसूली की गई। वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 में अब तक 12 प्रकरण दर्ज कर 1 लाख 78 हजार 880 रुपये की वसूली की जा चुकी है। बाकी मामलों में नोटिस जारी कर कार्रवाई जारी है।




