विश्व रिकॉर्ड की ओर बढ़ता भारत, राजपुर में सांसद ने संभाली योग अभियान की कमान
न्यूज़डेस्क राजपुर, बलरामपुर-अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में 14 जून से 21 जून तक मनाए जा रहे योग सप्ताह के तहत देशभर में अधिक से अधिक लोगों को योग से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य बड़ी संख्या में लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाना है।

इसी कड़ी में जनपद पंचायत राजपुर के सभा कक्ष में आयोजित कार्यक्रम में सरगुजा सांसद चिंतामणि महाराज ने टोल फ्री नंबर 18003157008 पर मिस्ड कॉल देकर अपना पंजीयन कराया और क्षेत्रवासियों से भी इस अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। मिस्ड कॉल के बाद प्रतिभागियों का पंजीयन हो जाता है तथा व्हाट्सएप के माध्यम से प्री-योग लाइव सेशन की जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष विनय भगत, विधायक प्रतिनिधि प्रवीण अग्रवाल, जनपद सदस्य शिवनाथ जायसवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष धर्म सिंह, भाजपा नेता संतोष पांडे, उदय यादव, सतीश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधियों एवं राजपुर एसडीएम देवेंद्र प्रधान ने भी मिस्ड कॉल देकर अपना पंजीयन कराया और योग को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
जनपद पंचायत राजपुर के सीईओ संजय दुबे ने कहा कि लोगों को योग के प्रति जागरूक करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि सांसद चिंतामणि महाराज की अपील से बड़ी संख्या में लोग इस अभियान से जुड़ेंगे, जिससे योग के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने के लक्ष्य को भी मजबूती मिलेगी।




