विज्ञापन वसूली के आरोपों पर सचिव संघ का पलटवार,कथित पत्रकारों के खिलाफ सौंपा ज्ञापन

न्यूज़डेस्क बलरामपुर/राजपुर-बलरामपुर जिले के राजपुर में पंचायत सचिव संघ ने अपने ऊपर विज्ञापन वसूली के आरोपों से जुड़ी खबरों का विरोध करते हुए प्रशासन से शिकायत की है। सचिव संघ ने एसडीएम, तहसीलदार, थाना प्रभारी और जनपद पंचायत सीईओ को ज्ञापन सौंपकर संबंधित पत्रकारों के खिलाफ जांच और कार्रवाई की मांग की है। संघ का कहना है कि प्रकाशित खबर पूरी तरह झूठी, निराधार और तथ्यों से परे है। क्या है पूरा मामला, देखिए इस रिपोर्ट में।
राजपुर पंचायत सचिव संघ ने आरोप लगाया है कि 18 मई 2026 को एक स्थानीय समाचार पत्र और अन्य मीडिया माध्यमों में संघ के ऊपर विज्ञापन के नाम पर पंचायतों से अवैध वसूली करने की खबर प्रकाशित की गई थी। सचिव संघ का कहना है कि यह खबर पूरी तरह गलत और भ्रामक है, जिससे संगठन की छवि को नुकसान पहुंचा है।

संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि समाचार में जिस सूची का उल्लेख किया गया है वह वर्ष 2022 की है, जिसे गलत तरीके से प्रस्तुत किया गया है। सचिव संघ के अनुसार सूची में दर्ज राशि संगठनात्मक गतिविधियों और संघ के हितों के लिए एकत्रित की गई थी, न कि किसी विज्ञापन वसूली के लिए।
ज्ञापन में सचिव संघ ने कुछ कथित पत्रकारों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि पंचायतों में जाकर सचिवों और सरपंचों पर अनावश्यक दबाव बनाया जाता है। संघ का आरोप है कि राशि नहीं देने पर झूठी खबरें प्रकाशित करने की धमकी दी जाती है, जिससे पंचायत प्रतिनिधियों और कर्मचारियों को मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।
सचिव संघ का कहना है कि इस प्रकार की गतिविधियों से शासन की योजनाओं के संचालन और विकास कार्यों पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। संघ ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, प्रकाशित समाचार का खंडन कराने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की है।
फिलहाल सचिव संघ का ज्ञापन प्रशासन तक पहुंच चुका है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि प्रशासन इस मामले की जांच में क्या निष्कर्ष निकालता है और आगे क्या कार्रवाई करता है।




