
ब्यूरो रिपोर्ट राजपुर –बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां सेमरा-बकसपुर रोड पर आज दिन गुरुवार 5 फरवरी 2026 को दोपहर तकरीबन 3 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने स्कूल से घर लौट रहे बाइक सवार दो शिक्षकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
दरअसल यह पूरा मामला राजपुर थाना क्षेत्र के सेमरा-बकसपुर मार्ग का है, जहां तेज एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए स्कॉर्पियो चालक ने स्कूल से घर लौट रहे बाइक सवार दो शिक्षकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों शिक्षक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया, जबकि दोनों शिक्षक सड़क पर दर्द से तड़पते रहे। काफी देर बाद राहगीरों की नजर घायलों पर पड़ी, जिसके बाद उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर लाया गया।
यहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद दोनों शिक्षकों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर कर दिया है। बताया जा रहा है कि दोनों शिक्षक डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल में पदस्थ हैं।शिक्षकों का नाम सतीश यादव और मुकेश कुमार गुप्ता है। वहीँ इनके पीछे स्कूटी से आ रही महिला शिक्षिका अंजलि तिवारी घटना की प्रत्यक्षदर्शी है।
फिलहाल इस पूरे मामले में पुलिस जांच में जुट गई है और फरार स्कॉर्पियो चालक की तलाश की जा रही है।






